
दिनांक 25 फरवरी 2025 को राजकीय महाविद्यालय बड़कोट, उत्तरकाशी में प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार की अध्यक्षता में करियर काउंसलिंग सेल एवं IQAC के संयुक्त तत्वावधान में “व्यक्तित्व विकास” पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को व्यक्तित्व निर्माण, करियर मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत अर्थशास्त्र विभाग के प्राध्यापक आशीष नौटियाल ने की। उन्होंने व्यक्तित्व और उसके विकास की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं और साक्षात्कार में सफलता के लिए व्यक्तित्व विकास की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने ग्रुप डिस्कशन,आत्मविश्वास एवं संवाद कौशल जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद, अंग्रेजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजु भट्ट ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से व्यक्तित्व विकास को रोचक उदाहरणों के साथ प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और बताया कि व्यक्तित्व निर्माण केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन और कार्यशैली से भी जुड़ा होता है। इसके बाद, गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. पुष्पेंद्र सेमवाल ने करियर और व्यक्तित्व के परस्पर संबंध को समझाया। उन्होंने कहा कि व्यक्तित्व ही व्यक्ति की असली पहचान होता है और यह सफलता की ओर बढ़ने का महत्वपूर्ण आधार बनता है।इसके पश्चात, राजनीति विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रश्ना मिश्रा ने पाठ्येतरगतिविधियों की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), रोवर-रेंजर और एनसीसी की गतिविधियों में भागीदारी के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के अनगिनत अवसरों पर प्रकाश डाला और छात्रों को इन कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस व्याख्यान के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने न केवल व्यक्तित्व विकास के विभिन्न आयामों को समझा, बल्कि अपने करियर को एक नई दिशा देने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में, करियर काउंसलिंग सेल के संयोजक के संयोजक डॉ अंजु भट्ट ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस व्याख्यान ने विद्यार्थियों को आत्मविकास एवं करियर निर्माण के प्रति जागरूक किया और उन्हें एक प्रेरणादायक दिशा प्रदान की।